बकाया रकम मांगने पर कारोबारी को धमकी, सीएएफ जवान समेत सात पर केस दर्ज

कोरबा। उधारी में लिया गया सीमेंट का भुगतान मांगने पर एक कारोबारी को धमकाने और दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के एक जवान सहित सात लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार कोरबा निवासी सीमेंट विक्रेता अरुण सिंघानिया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि करीब छह माह पहले अंशु पलेरिया नामक व्यक्ति ने उनसे 1 लाख 75 हजार रुपए का सीमेंट उधारी में लिया था। बार-बार भुगतान मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और तरह-तरह के बहाने बनाता रहा।

शिकायत में बताया गया कि कुछ दिन पहले अंशु पलेरिया, दद्दा उर्फ राघवेंद्र सिंह तोमर और पांच अन्य लोग अरुण सिंघानिया के घर के पास पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना से कारोबारी और उसका परिवार भयभीत हो गया।

इसके बाद पीड़ित ने परिजनों और परिचितों को जानकारी देकर कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अंशु पलेरिया, राघवेंद्र सिंह तोमर और पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि दद्दा उर्फ राघवेंद्र सिंह तोमर छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल में पदस्थ है और वर्तमान में उसकी नियुक्ति बस्तर संभाग में है।