पंडरीपानी में सीएसईबी ने लगाया निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, ग्रामीणों को मिला उपचार

कोरबा। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह कोरबा पूर्व संयंत्र द्वारा ग्राम पंडरीपानी में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। पंचायत भवन में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच, उपचार और दवाइयों की सुविधा प्रदान की गई।

मुख्य अभियंता (उत्पादन) संजीव कंसल के निर्देशानुसार आयोजित शिविर का शुभारंभ अधीक्षण अभियंता (मुख्यालय) अमित फुटाने, एनएस ठाकुर, डॉ. निरंजना गवेल और डॉ. कान्हा कृष्णा अग्रवाल ने किया।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और आवश्यक दवाइयां प्राप्त कीं। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए गांव में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया।

स्वास्थ्य शिविर में कोरबा पूर्व मुख्य चिकित्सालय से पंजीयक संदीप सोना, स्टाफ नर्स संगीता पटेल, फार्मासिस्ट विकास देवांगन, लैब टेक्नीशियन प्रभावती राव तथा वाहन चालक संदीप बरेठ का विशेष सहयोग रहा।