कोरबा। दीपका नगर पालिका क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ चल रही कार्रवाई अब राजनीतिक रंग लेने लगी है।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा लगातार नोटिस जारी कर अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में भाजपा और कांग्रेस से जुड़े कई नेताओं सहित पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका ने पूर्व नपा अध्यक्ष संतोषी दीवान, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिलीप सिंह, कारोबारी महेन्द्र सिंह, तनवीर अहमद सहित कई लोगों को नोटिस जारी किया है। आरोप है कि बड़े झाड़ क्षेत्र की जंगल भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किया गया है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले इस मामले की शिकायत उच्च स्तर तक पहुंची थी, जिसके बाद कार्रवाई का दबाव बना। शुरुआती दौर में कुछ कब्जे हटाए गए तो प्रभावित लोगों ने प्रशासन से कहा था कि केवल कमजोर वर्गों पर कार्रवाई करने के बजाय निष्पक्षता और साहस दिखाया जाए।
इसके बाद अब भाजपा और कांग्रेस से जुड़े प्रभावशाली चेहरों को नोटिस जारी किए जाने को प्रशासन की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक गरीबों के मकानों और दुकानों पर ही बुलडोजर चलता रहा है, लेकिन अब कार्रवाई प्रभावशाली लोगों तक पहुंची है। ऐसे में लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या राजनीतिक रसूख रखने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी या मामला केवल नोटिस तक सीमित रह जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
