कलेक्टर ने ली जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, हेलमेट व ओवरलोडिंग पर विशेष जोर
कोरबा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके लाइसेंस तत्काल निरस्त करने पर जोर दिया गया।
बैठक में पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, परिवहन विभाग, एसईसीएल, बालको, एनटीपीसी सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।
भारी वाहन चालकों पर सख्त नजर
कलेक्टर ने पिछली कार्रवाई की समीक्षा करते हुए बताया कि एसईसीएल, बालको, एनटीपीसी समेत अन्य औद्योगिक उपक्रमों के कई भारी वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए थे। ऐसे मामलों में लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई का परीक्षण किया गया।
हेलमेट और यातायात नियमों पर जोर
दुर्घटनाओं से बचाव के लिए दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही तीन सवारी, ओवरस्पीड, बिना नंबर प्लेट वाहन, ब्लैक फिल्म लगे वाहन, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने और अन्य यातायात उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पेट्रोल न देने के मुद्दे पर भी बैठक में चर्चा हुई।
स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूलों और कॉलेजों में हेलमेट रैली, निबंध प्रतियोगिता, क्विज और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
ब्लैक स्पॉट और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई
ओवरलोड वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग के उड़नदस्ता दल को कार्रवाई तेज करने कहा गया। दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में झाड़ियों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, सोल्डर भराई, रेडियमयुक्त संकेतक बोर्ड, रंबल स्ट्रिप और बेहतर प्रकाश व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
कोयला एवं फ्लाई ऐश परिवहन मार्गों पर नियमित पानी छिड़काव कर धूल नियंत्रण करने के भी निर्देश दिए गए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
