कोरबा। जिले के पाली ब्लॉक अंतर्गत छोटे से ग्राम केराकछार की प्रतिभाशाली कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी को राज्य शासन द्वारा दी गई प्रोत्साहन राशि को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पाली-तानाखार क्षेत्र के विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम ने कहा है कि संजू देवी को उनके अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन के अनुरूप पर्याप्त सम्मान नहीं मिला है।
विधायक मरकाम ने कहा कि श्रमिक दंपति की 23 वर्षीय पुत्री संजू देवी ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित बिलासपुर के बहतराई आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी में जुलाई 2023 से प्रशिक्षण लिया और अपनी मेहनत के दम पर भारत को कबड्डी विश्वकप एवं एशियन चैंपियनशिप जिताने में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा संजू देवी को 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है, जबकि वह 3 करोड़ रुपये की हकदार हैं। यदि शासन की नीति के अनुसार भी देखा जाए तो उन्हें कम से कम 1 करोड़ रुपये मिलना चाहिए था।
विश्वकप में रही मोस्ट वेल्यूबल प्लेयर
विधायक मरकाम ने बताया कि नवंबर 2025 में बांग्लादेश में आयोजित कबड्डी विश्वकप में संजू देवी को मोस्ट वेल्यूबल प्लेयर चुना गया था। फाइनल मुकाबले में भारत को मिले 35 अंकों में से अकेले संजू देवी ने 16 अंक दिलाए थे। सेमीफाइनल और अन्य मुकाबलों में भी उनके शानदार प्रदर्शन से भारत चैंपियन बना।
राज्य की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला कबड्डी खिलाड़ी
संजू देवी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाली राज्य की पहली महिला कबड्डी खिलाड़ी हैं। इसके अलावा उन्होंने मार्च 2025 में ईरान में आयोजित एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया और टीम को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विधायक मरकाम ने कहा कि ऐसी प्रतिभाओं को उचित सम्मान और प्रोत्साहन देना आवश्यक है, ताकि अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिल सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















