ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों पर पुलिस की कार्रवाई, चालान काटकर दी सख्त चेतावनी

कोरबा। जिले में अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा ब्लैक फिल्म लगी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए और भविष्य में दोबारा ऐसा न करने की सख्त चेतावनी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहनों में काली फिल्म लगे होने से अंदर बैठे लोगों की पहचान नहीं हो पाती, जिससे आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की आशंका रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान कई वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाई गई तथा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने की अपील की है।

इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नीतिश ठाकुर, तेज यादव, यातायात एएसआई मनोज राठौर,एएसआई राम नारायण रात्रे, ईश्वरी लहरे, संतोष सिंह, मनोज दुबे और लखन सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहे।

पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।