आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने जनगणना कर्मियों की ली परीक्षा

कोरबा। डिजिटल जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत कोरबा नगरीय क्षेत्र में जनगणना कार्य से जुड़े प्रगणकों और सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण का निरीक्षण किया गया। आयुक्त एवं मुख्य जनगणना अधिकारी आशुतोष पाण्डेय ने प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके कर्मियों की कार्य दक्षता और प्रशिक्षण ज्ञान की व्यवहारिक परीक्षा ली।

एनसीडीसी कोरबा में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आयुक्त पाण्डेय ने केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षण पूरा कर चुके प्रगणकों से सवाल-जवाब कर यह परखा कि उन्हें दिया गया प्रशिक्षण कितना प्रभावी रहा और वे जनगणना कार्य के लिए पूरी तरह तैयार हैं या नहीं।

इस दौरान आयुक्त ने अपने मोबाइल से सेंसेस पोर्टल पर स्वयं का स्व-गणना पत्रक भरकर उपस्थित कर्मियों के सामने स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया समझाई। साथ ही प्रगणकों से विभिन्न चरणों की जानकारी लेकर उनके प्रशिक्षण ज्ञान का परीक्षण किया।

आयुक्त पाण्डेय ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए सभी कर्मी पूरी निष्ठा, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ त्रुटिरहित कार्य संपन्न करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य के दौरान किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल रिपोर्टिंग अधिकारी से संपर्क कर मार्गदर्शन लें।

इस अवसर पर जनगणना नोडल अधिकारी एवं अपर आयुक्त विनय मिश्रा, सहायक नोडल अधिकारी पवन वर्मा, जोन चार्ज अधिकारी नीरज कौशिक, भूषण उरांव, लीलाधर पटेल, एन.के. नाथ, प्राचार्य अल्का फिलिप्स, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, मनीष दुबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।