कोरबा जिले को 154 करोड़ की सौगात, पीएम ग्रामीण सड़क योजना में 55 सड़कों का भूमिपूजन

कोरबा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कोरबा जिले में 55 नई सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इन सड़कों की कुल लंबाई 162.81 किलोमीटर होगी, जिस पर 154.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर स्थित रणजीता स्टेडियम में प्रधानमंत्री धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-04) अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इसमें कोरबा जिले की सड़क परियोजनाएं भी शामिल रहीं।

जिला स्तर पर इन सड़कों का भूमिपूजन कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया। इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा व्यापार, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी।

उन्होंने बताया कि पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड में सर्वाधिक सड़क कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास पहुंचेगा और अंतिम छोर तक सुविधाओं का विस्तार होगा।

विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रमुख उद्देश्य है, जिसे मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में साकार किया जा रहा है। सड़क निर्माण से सभी वर्गों को लाभ मिलेगा और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से महिलाओं, किसानों एवं मनरेगा श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई। महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य सेवाएं अब इन केंद्रों के माध्यम से आसानी से मिल सकेंगी।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाएं बढ़ेंगी और लोगों को सहूलियत मिलेगी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।