गोपालपुर में औद्योगिक विकास की नई शुरुआत,नवीन इंडस्ट्रियल एरिया का भूमिपूजन कल

कोरबा। जिले के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से तहसील दर्री के ग्राम गोपालपुर में 10.900 हेक्टेयर भूमि पर नवीन औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अधोसंरचना विकास कार्यों का भूमिपूजन शनिवार 18 अप्रैल को दोपहर 4 बजे किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम में सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत, सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, विधायक प्रेमचंद पटेल, फूल सिंह राठिया, तुलेश्वर मरकाम, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

यह नया औद्योगिक क्षेत्र जिले में निवेश को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा। प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना कोरबा के औद्योगिक भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी।