सक्ती। जिले के सिंघनीपुर स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से हुए भीषण हादसे में 17 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 19 कामगार गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा सोमवार को हुआ, जिसमें प्लांट परिसर में चीख-पुकार मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के बेहतर उपचार के लिए कलेक्टर अमृत विकास टोपनो तथा पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर को लगातार निर्देश दे रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भी जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और स्थिति की निरंतर समीक्षा कर रहे हैं।
कलेक्टर और एसपी ने घटना स्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घायलों को प्राथमिकता से रायगढ़ के फोर्टिस हॉस्पिटल, मेडिकल कॉलेज एवं अपेक्स अस्पताल भेजा गया। गंभीर घायलों को रायपुर के कालड़ा अस्पताल रेफर किया गया है। घटनास्थल को बैरिकेड कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।



कलेक्टर श्री टोपनो ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार घायलों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों से संपर्क स्थापित किया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव देह को एम्बुलेंस से गृहग्राम भेजने और तात्कालिक सहायता राशि उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
घायल एवं प्रभावित श्रमिकों को पूर्ण स्वस्थ होने तक बिना उपस्थिति के वेतन देने पर सहमति बनी है।
मुआवजा घोषणा
मुख्यमंत्री द्वारा: मृतकों के परिजनों को 5 लाख तथा घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता।
प्रधानमंत्री द्वारा: मृतकों के परिजनों को 2 लाख तथा घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि।
कंपनी प्रबंधन द्वारा: मृतकों के परिजनों को 35 लाख रुपये + रोजगार सहयोग, घायलों को 15 लाख रुपये की सहायता। घायलों को पूर्ण स्वस्थ होने तक वेतन और काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू कार्य में सक्रिय है।
मृतकों के नाम
हादसे में मृतकों में छत्तीसगढ़ के 5, बिहार के 2, झारखंड के 3, पश्चिम बंगाल के 5 तथा उत्तर प्रदेश के 2 मजदूर शामिल हैं।
मृतकों के नाम: रितेश कुमार, अमृत लाल पटेल, थंडा राम लहरे, तरुण कुमार ओझा, आकिब खान, सुसांत जना, अब्दुल करीम, उधव सिंह यादव, शेख सैफुद्दीन, पप्पू कुमार, अशोक परहिया, मनस गिरी, बृजेश कुमार, रामेश्वर महिलांगे, कार्तिक महतो, नदीम अंसारी, शिबनाथ मुर्मू।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

