कमिश्नर बिलासपुर को दिए जांच के आदेश
रायपुर। सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इसे अत्यंत पीड़ादायक घटना बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। उन्होंने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की, ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों का समुचित और निःशुल्क उपचार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बिलासपुर संभाग के कमिश्नर को जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरे मामले पर सतत निगरानी रखे हुए है और राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
