पदोन्नति में आरक्षण की मांग पर विद्युत कर्मचारियों का उग्र आंदोलन, सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी

कोरबा। पदोन्नति में आरक्षण सहित विभिन्न मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के आरक्षित वर्ग के अधिकारी एवं कर्मचारी अब आंदोलन के मूड में आ गए हैं। संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह में एकत्र होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान कर्मचारियों ने मुख्य अभियंता को प्रबंधन के नाम ज्ञापन सौंपते हुए संविधान के अनुच्छेद 16(4) के तहत पदोन्नति में आरक्षण का अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि उनके संवैधानिक अधिकारों की अनदेखी की जा रही है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

संघ के प्रांतीय सचिव प्रवीण कुमार भगत ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर कर्मचारी सामूहिक इस्तीफा जैसे कड़े कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।