कोरबा।कोरबा रेलवे स्टेशन के सेकंड एंट्री गेट पर धूल (डस्ट) की बड़ी समस्या को लेकर दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के अतिरिक्त मंडल प्रबंधक (एडीआरएम) श्रीनिवास ने स्पष्ट किया कि एसईसीएल मानिकपुर प्रबंधन कोल साइडिंग पर लगातार पानी का छिड़काव कर रहा है, लेकिन कोल साइडिंग अभी बंद नहीं होगी।
एडीआरएम ने कहा, “डस्ट रोकना है तो भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की दिशा में प्रयास करने होंगे।”
उन्होंने बताया कि मानिकपुर प्रबंधन साइलो निर्माण में जुटा हुआ है। काम पूरा होने पर स्टेशन से कोल साइडिंग हटा दी जाएगी, लेकिन इसमें अभी कितना समय लगेगा, यह कहना जल्दबाजी होगी।
एडीआरएम श्रीनिवास कोरबा दौरे पर स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने यात्री हित, ट्रेनों के विस्तार और नई ट्रेनों से जुड़ी मांगों को सुना।
अन्य मुद्दों पर एडीआरएम का बयान
हसदेव एक्सप्रेस का दुर्ग विस्तार: पिछले दो साल से चल रही मांग पर एडीआरएम ने बताया कि दुर्ग पिट यार्ड में कोचिंग ट्रेनों का भारी दबाव है। इसलिए अभी विस्तार संभव नहीं है। दोनों डिवीजनों के परिचालन विभाग से चर्चा कर कोई रास्ता निकालने की बात कही।
उरगा-कोरबा के बीच यात्री ट्रेन बढ़ाने: एडीआरएम ने कहा कि एक अतिरिक्त कोचिंग ट्रेन चलाने पर चार मालगाड़ियों का फेरा प्रभावित होगा। बायपास पर अधिक मालगाड़ियां चलाने की रूपरेखा बनाने के निर्देश दिए।
पिटलाइन की समस्या: पिटलाइन पूरी क्षमता से उपयोग योग्य नहीं है। मुख्य समस्या मेन पावर की है। भविष्य में इसे शुरू करने की योजना है।
गेवरा-पेंड्रा रोड रेल कॉरिडोर: साल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद जताई।
प्लेटफार्म-2 और 3 की स्थिति: अमृत भारत स्टेशन के निर्माण कार्य के दौरान प्लेटफार्म नंबर 2-3 की खराब स्थिति देखकर एडीआरएम काफी नाराज हुए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठेकेदार से कामगारों की संख्या बढ़ाकर यात्रियों को कम से कम असुविधा हो। साथ ही प्लेटफार्म-1 के मुख्य गेट की ऊंचाई बढ़ाने का प्रस्ताव तुरंत बनाने को कहा।
एडीआरएम श्रीनिवास ने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और निर्माण कार्यों को तेज करने पर जोर दिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















