कोरबा।जिले में अपराधों पर सख्ती बरतते हुए पुलिस ने चोरी के दो मामलों का खुलासा किया है। नाबालिग सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी पूर्व में हुई चोरियों में भी संलिप्त पाए गए हैं।
मामला क्या था?
कोहड़िया निवासी हंसराज खाण्डे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 से 6 अप्रैल के बीच वे परिवार सहित विवाह कार्यक्रम में बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी-गुल्लक से नगदी, लगभग 35 किलो चावल, गैस सिलेंडर और स्पाइस कंपनी का होम थियेटर चोरी कर ले गए।
इसी तरह सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र के फारेस्ट डिपो के पास रहने वाले अटल अमित बाघ ने 8 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 अप्रैल की शाम उनके मौसेरे भाई के घर (सीएसईबी कॉलोनी) में ताला तोड़कर चोरी की गई। चोरों ने अलमारी से 40,000 रुपये नगदी और चांदी के सिक्के चुरा लिए।
विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से चोरी करने की बात कबूल ली। जांच में यह भी सामने आया कि ये दोनों आरोपी क्षेत्र में पहले भी कई चोरी की घटनाओं में संलिप्त थे।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रभात दास दीवान उर्फ लाल (21 वर्ष, निवासी पुराना काशीनगर) और एक नाबालिग शामिल हैं।
आरोपियों के कब्जे से नगदी, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड प्राप्त किया गया है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
कोरबा पुलिस “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत चोरी जैसे मामलों पर लगातार नजर रखे हुए है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















