कोल इंडिया के 52वें स्थापना दिवस पर एसईसीएल को सात पुरस्कार, सोशल मीडिया प्रेजेंस में प्रथम

जमुना-कोतमा क्षेत्र के सीजीएम पी.आर. त्रिपाठी को बेस्ट एरिया जीएम सम्मान, तीन कॉर्पोरेट और चार व्यक्तिगत पुरस्कारों से नवाजा गया

कोलकाता/बिलासपुर। कोल इंडिया लिमिटेड के 52वें स्थापना दिवस समारोह में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल सात पुरस्कार हासिल किए। 1 नवंबर 2026 को कोलकाता में आयोजित समारोह में एसईसीएल को तीन कॉर्पोरेट और चार व्यक्तिगत श्रेणियों में सम्मानित किया गया। कॉर्पोरेट श्रेणी में कंपनी ने सोशल मीडिया प्रेजेंस में प्रथम तथा पर्यावरण प्रबंधन और भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

एसईसीएल की ओर से निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार ने कोल इंडिया के अध्यक्ष बी. साईराम से तीनों कॉर्पोरेट पुरस्कार ग्रहण किए। सोशल मीडिया प्रेजेंस में प्रथम पुरस्कार कंपनी के डिजिटल संचार, उपलब्धियों और गतिविधियों को प्रभावी तरीके से जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों को मिली मान्यता है।

व्यक्तिगत पुरस्कारों में जमुना-कोतमा क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक पी.आर. त्रिपाठी को ‘बेस्ट एरिया जीएम’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, एसईसीएल मुख्यालय के महाप्रबंधक (ई एंड एम) श्रीकांत दास को ‘बेस्ट एचओडी’ पुरस्कार मिला। महाप्रबंधक (खनन/भूमि एवं राजस्व) बिपिन कुमार लाल को ‘व्यक्तिगत उत्कृष्टता पुरस्कार’ तथा केंद्रीय उत्खनन कर्मशाला, गेवरा की ईपी फिटर (ग्रेड-डी) पार्वती सिंह को गैर-अधिकारी वर्ग में ‘महिला उत्कृष्टता पुरस्कार’ प्रदान किया गया।

समारोह में एसईसीएल के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सनीश चंद्र और उप प्रबंधक (पर्यावरण) विष्णु आर. राज भी उपस्थित रहे। सात पुरस्कारों की उपलब्धि एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों और विभागों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उत्कृष्ट योगदान को रेखांकित करती है।