उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने पूर्व मंत्री को दी खुली चुनौती, आरोपों को बताया निराधार

कोरबा।कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने पूर्व मंत्री द्वारा उनके और उनके परिवार पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पूर्व मंत्री को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके पास कोई ठोस प्रमाण है तो सार्वजनिक करें, वरना जनता को गुमराह करना बंद करें।

मीडिया से चर्चा के दौरान मंत्री देवांगन ने कहा कि पूर्व मंत्री केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए बेवजह भ्रम फैला रहे हैं।

बालको दुकान हटाने के आरोप पर जवाब
मंत्री ने स्पष्ट किया कि बालको प्रबंधन द्वारा किसी भी दुकान को जबरन नहीं हटाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन व्यापारियों को नोटिस जारी किया गया था, महापौर संजूदेवी राजपूत ने साफ निर्देश दिए हैं कि जब तक प्रभावित व्यवसायियों के लिए समुचित वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक किसी को नहीं हटाया जाएगा।

रेत ठेकेदारी के आरोप पर जवाब
रेत ठेकेदारी से संबंधित आरोपों पर मंत्री देवांगन ने कहा कि उनके परिवार का इस व्यवसाय से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा,“मेरे परिवार के किसी भी सदस्य के पास न तो ट्रैक्टर है और न ही ट्रक। ऐसे में हम रेत की ठेकेदारी कैसे कर सकते हैं? यह आरोप पूरी तरह निराधार और हास्यास्पद हैं।”

मंत्री लखनलाल देवांगन ने पूर्व मंत्री को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके पास कोई ठोस सबूत है तो उसे सार्वजनिक करें, अन्यथा इस तरह के झूठे आरोप लगाकर जनता को गुमराह करना बंद करें।