अधिवक्ता संघ चुनाव: गणेश कुलदीप फिर बने अध्यक्ष,सुनील यादव बने सचिव

कोरबा। जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में एक बार फिर गणेश कुलदीप ने अपनी मजबूत पकड़ साबित करते हुए अध्यक्ष पद पर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 23 मतों के अंतर से पराजित किया।

परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया और न्यायालय परिसर में जश्न मनाया गया। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी जाहिर की।

गणेश कुलदीप की जीत को उनके पिछले कार्यकाल में किए गए कार्यों और अधिवक्ताओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ का परिणाम माना जा रहा है। अब उनके सामने अधिवक्ता संघ के विकास और वकीलों की समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी एक बार फिर आ गई है।

चुनाव के अन्य पदों पर भी परिणाम घोषित किए गए। सचिव पद पर सुनील यादव ने रघुनंदन सिंह ठाकुर को 52 मतों से हराकर जीत हासिल की। महिला उपाध्यक्ष पद पर उर्मिला भगत ने सरिता पांडेय को 24 मतों से पराजित किया।

कोषाध्यक्ष पद पर अमरनाथ कौशिक, ग्रंथालय सचिव पद पर क्रांति श्रीवास, सह सचिव पद पर रवि भगत तथा महिला सह सचिव पद पर श्रीमती माधुरी बोरई विजयी रहीं। पुरुष उपाध्यक्ष पद पर रवि कुमार शर्मा निर्वाचित घोषित किए गए।

कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शिव साहू, करम प्रजापति, स्वप्निल शर्मा, श्रवण थवाईत और वरुण राही ने जीत दर्ज की।

परिणाम सामने आते ही सभी विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।