पावर केबल चोरी का खुलासा, तीन फरार आरोपी गिरफ्तार

“सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान में दर्री पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कोरबा।जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत दर्री पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पावर केबल चोरी के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को साडा कॉलोनी निवासी कमलकांत ठाकुर ने थाना दर्री में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सीएसईबी प्लांट दर्री स्थित उनके कार्यस्थल से करीब 200 मीटर पावर केबल अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिया गया था।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में दर्री पुलिस ने सघन विवेचना करते हुए पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया था, जबकि अन्य आरोपी फरार थे।

9 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों फरार आरोपियों विशाल राव उर्फ लाली, किशन कुमार गोंड उर्फ गोलू और यश कुमार श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी दर्री थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अपने घर एवं प्रतिष्ठानों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।