सरस्वती शिक्षा संस्थान ने रायपुर में शुरू किया डिजिटल एजुकेशन स्टूडियो, 150 विद्यालयों को जोड़ा गया
कोरबा/रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूली शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने की दिशा में सरस्वती शिक्षा संस्थान ने डिजिटल एजुकेशन स्टूडियो की शुरुआत की है।
रायपुर के रोहिणीपुरम स्थित संस्थान मुख्यालय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना ने स्टूडियो का उद्घाटन किया। इस पहल के माध्यम से वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को राजधानी रायपुर के विषय विशेषज्ञों से लाइव कक्षाओं के जरिए पढ़ने का अवसर मिलेगा।
कोरबा के छह विद्यालय योजना में शामिल
संस्थान के अनुसार, पहले चरण में प्रदेश के 150 सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों को डिजिटल कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। इनमें कोरबा, जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के विद्यालय भी शामिल हैं। चयनित स्कूलों में स्मार्ट क्लास तैयार की गई हैं, जहां रायपुर से विषय विशेषज्ञ ऑनलाइन कक्षाएं लेकर विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे।
कोरबा जिले के छह विद्यालयों को इस योजना से जोड़ा गया है। इनमें प्रगतिनगर, एनटीपीसी, कटघोरा, पाली, छुरी और रजगामार-गेवरा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर शामिल हैं। वहीं, जांजगीर-चांपा जिले के चांपा,नैला,अकलतरा, शिवरीनारायण,खरौद,केरा,बिर्रा और चलौदा के आठ विद्यालयों का चयन किया गया है। सक्ती जिले के चंद्रपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर को भी योजना में शामिल किया गया है।
तकनीक से शिक्षा को मिलेगी नई दिशा
उद्घाटन समारोह में डॉ. पूर्णेन्दु सत्रसेना ने डिजिटल एजुकेशन स्टूडियो की शुरुआत को छत्तीसगढ़ के स्कूली शिक्षा क्षेत्र में अभिनव पहल बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरस्वती शिक्षा संस्थान, छत्तीसगढ़ के प्रांतीय अध्यक्ष रामभरोसा सोनी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्या भारती, छत्तीसगढ़ के प्रांतीय संगठन मंत्री डॉ. देवनारायण साहू उपस्थित रहे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रांत के प्रांत संघचालक टोपलाल वर्मा, विवेक सक्सेना, बद्रीनाथ केशरवानी, सचिव निश्चय बाजपेयी, विभाग प्रमुख मोहन पवार और प्रशिक्षण निदेशक आशुतोष चावरे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन सह प्रांत प्रमुख मानिक लाल साहू ने किया।
संस्थान के अनुसार,ऑनलाइन कार्यक्रम में 208 विद्यालयों के पांच हजार से अधिक विद्यार्थी, शिक्षक और समिति के पदाधिकारी शामिल हुए। डिजिटल स्टूडियो के माध्यम से विषय विशेषज्ञों की कक्षाएं दूरस्थ विद्यालयों तक पहुंचाने और विद्यार्थियों को तकनीक आधारित शिक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















