कोरबा की चार प्रमुख सड़कों का कायाकल्प: 5.93 करोड़ रुपये मंजूर, डामरीकरण कार्य जल्द शुरू

सुनालिया ब्रिज से कोसाबाड़ी चौक तक कार्य स्वीकृत, समय-सीमा में गुणवत्ता पूर्ण काम के निर्देश

कोरबा।कोरबा शहर की जर्जर सड़कों के सुधार के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बड़ी पहल की है। नगर निगम क्षेत्र की चार प्रमुख सड़कों के डामरीकरण के लिए 5 करोड़ 93 लाख 45 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने इन कार्यों की मंजूरी जारी कर दी है। साथ ही सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वीकृत कार्यों के तहत कोरबा जोन में सुनालिया ब्रिज से पावर हाउस रोड फाटक अंडर ब्रिज तक सड़क डामरीकरण के लिए 1 करोड़ 12 लाख 55 हजार रुपए तथा पावर हाउस रोड फाटक से पुराने बस स्टैंड अंडर ब्रिज तक 1 करोड़ 56 लाख 90 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।

इसी तरह कोसाबाड़ी जोन में जैन चौक से घंटाघर रोड तक 1 करोड़ 25 लाख रुपए और घंटाघर से कोसाबाड़ी चौक तक सड़क डामरीकरण के लिए 1 करोड़ 99 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।

इन कार्यों के पूरा होने से शहर में आवागमन सुगम होगा और लोगों को खराब सड़कों से होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।