बालको प्रबंधन के खिलाफ कांग्रेस का धरना, उग्र आंदोलन की चेतावनी

व्यवसायियों और कर्मचारियों को परेशान करने का आरोप, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

कोरबा।बालकोनगर टाउनशिप में कांग्रेस ने बालको प्रबंधन के खिलाफ जोरदार धरना प्रदर्शन करते हुए कड़ी चेतावनी दी है। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं ने वेदांत संचालित बालको प्रबंधन पर जनविरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि किसी भी व्यापारी या नागरिक की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि प्रबंधन की मनमानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

धरने में कोरबा सहित बिलासपुर से भी कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान प्रशासन की ओर से अतिरिक्त तहसीलदार विष्णु प्रसाद पैकरा और नायब तहसीलदार दीपक पटेल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें विभिन्न जनसमस्याओं का उल्लेख करते हुए हस्तक्षेप की मांग की गई।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने आरोप लगाया कि बालको प्रबंधन की कार्यशैली से क्षेत्र के नियमित और संविदा कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मी, ठेका मजदूर, छोटे-बड़े व्यापारी, ठेकेदार और परिवहनकर्ता सभी वर्ग परेशान हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ठेला-गुमटी संचालकों या किसी भी व्यवसायी को नुकसान पहुंचाया गया, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे और प्रबंधन को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।