शॉर्ट सर्किट से ट्रांसफार्मर में आग, समय रहते पाया काबू

ओवरलोडिंग बनी वजह, कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित

कोरबा।शहर के एसईसीएल मार्ग स्थित चिमनीभट्ठा बस्ती के पास एक ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना सामने आई है। मुख्य मार्ग पर स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के सामने लगे इस ट्रांसफार्मर में अचानक स्पार्किंग के बाद आग भड़क उठी, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की सूचना पर विद्युत वितरण कंपनी का अमला मौके पर पहुंचा और तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते नियंत्रण होने से बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि गर्मी के मौसम में बढ़ते लोड के कारण ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक दबाव था, जिससे यह घटना हुई। आग लगने के कारण आसपास की बिजली लाइनें भी प्रभावित हुईं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुड़ापार, शारदा विहार और रामनगर जैसे क्षेत्रों में लंबे समय से ओवरलोडिंग की समस्या बनी हुई है। बार-बार शिकायत के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किए जाने से इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

निवासियों ने वितरण कंपनी से मांग की है कि ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और नियमित मेंटेनेंस की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।