महतारी वंदन योजना: ई-केवाईसी पूरी तरह नि:शुल्क, समय पर कराना जरूरी

कोरबा।राज्य शासन के निर्देशानुसार महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पंजीकृत सभी हितग्राहियों का ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने सभी पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के अंदर अपना ई-केवाईसी अवश्य पूरा कर लें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ई-केवाईसी की पूरी प्रक्रिया नि:शुल्क है। किसी भी केंद्र पर शुल्क न दें।

समय-सीमा

30 जून 2026 तक: पूरे जिले में शिविरों के माध्यम से ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

1 जुलाई 2026 से 31 अगस्त 2026 तक: जिनका ई-केवाईसी नहीं हो पाएगा, उनके लिए संबंधित परियोजना कार्यालयों में विशेष व्यवस्था की जाएगी।


ई-केवाईसी के जरिए हितग्राहियों की पहचान और विवरण का सत्यापन किया जाएगा, ताकि योजना का लाभ केवल वास्तविक और पात्र महिलाओं तक ही पारदर्शी तरीके से पहुंचे।

जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई हितग्राही निर्धारित समयावधि में ई-केवाईसी नहीं कराती है, तो भविष्य में मिलने वाले लाभ से वंचित किया जा सकता है अथवा मासिक भुगतान अस्थायी रूप से रोक दिया जाएगा।

क्या लेकर जाएं?
महिलाएं अपने निकटतम सीएससी, लोक सेवा केंद्र या आंगनवाड़ी केंद्र पर आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर जाएं। महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि ई-केवाईसी पूरी तरह नि:शुल्क है। गलत जानकारी देने पर नियमानुसार कार्यवाही की जा सकती है।

वार्ड 27 में 100 महिलाओं का केवाईसी पूरा
महाराणा प्रताप नगर वार्ड क्रमांक 27 में महतारी वंदन योजना की लगभग 100 लाभार्थी महिलाओं का ई-केवाईसी कार्य पूरा कर लिया गया।

इस कार्यक्रम में वार्ड पार्षद श्रीमती वर्षा दिनेश वैष्णव, प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं पूर्व पार्षद दिनेश कुमार वैष्णव, चॉइस सेंटर संचालक पंकज महेश, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आसमा और सहायिका संतोषी चौहान ने सक्रिय भूमिका निभाई।

जिला प्रशासन ने सभी हितग्राहियों से अपील की है कि वे समय पर ई-केवाईसी पूरा कराकर योजना का निरंतर लाभ सुनिश्चित करें।