कोरबा।एनटीपीसी के बाद अब एसईसीएल में भी ठेका मजदूरों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। गेवरा क्षेत्र में एचपीसी रेट के अनुसार भुगतान और पेमेंट स्लीप देने की मांग को लेकर ठेका मजदूरों ने सीजीएम कार्यालय के गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया।
छत्तीसगढ़ किसान सभा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए और ठेकेदारों पर आर्थिक शोषण का आरोप लगाया। स्थिति को देखते हुए मौके पर सीआईएसएफ और पुलिस बल की तैनाती की गई।
करीब चार घंटे तक चले घेराव के बाद एसईसीएल प्रबंधन और ठेका कंपनी को मजदूरों की मांगों पर लिखित आश्वासन देना पड़ा, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
किसान सभा के नेताओं प्रशांत झा और दीपक साहू ने आरोप लगाया कि ठेका मजदूरों को कम मजदूरी दी जा रही है और उनकी वास्तविक आय छुपाने के लिए पेमेंट स्लीप नहीं दी जाती। इससे मजदूरों को अपने वेतन और कार्यदिवस की सही जानकारी नहीं मिल पाती।
मजदूरों का कहना है कि उन्हें पहचान पत्र, समय पर वेतन, पेमेंट स्लीप और सामाजिक सुरक्षा जैसे बुनियादी अधिकार नहीं मिल रहे हैं। ठेका मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो वे खदान बंद कर उग्र आंदोलन करेंगे।
प्रदर्शन में रमेश दास, राकेश राजपूत, राम प्रताप, राजकुमार पटवा, शिव चौहान, मुकेश दास सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















