जाम और अतिक्रमण पर निगम सख्त, शहर के व्यस्त इलाकों में चला विशेष अभियान

सुनालिया से सीतामढ़ी रोड तक कार्रवाई, दुकानदारों को चेतावनी दोबारा उल्लंघन पर होगी जब्ती

कोरबा।औद्योगिक नगरी कोरबा को जाम और अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए नगर पालिक निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार शाम निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष अभियान चलाया गया।

यह अभियान सुनालिया चौक से शुरू होकर पुराना बस स्टैंड होते हुए सीतामढ़ी रोड तक चलाया गया। इन इलाकों में शाम के समय भारी भीड़ और यातायात दबाव के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है, जिसे देखते हुए निगम ने यहां कार्रवाई की।

अभियान के दौरान कई दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर सड़क तक सामान फैलाकर अतिक्रमण किए जाने की स्थिति सामने आई। निगम टीम ने मौके पर ही सामान हटवाया और व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण से यातायात बाधित होता है और आम लोगों को परेशानी होती है।

निगम आयुक्त ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षित और सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।

इस दौरान निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे।

निगम प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आने वाले दिनों में पावर हाउस रोड, ट्रांसपोर्ट नगर और निहारिका क्षेत्र में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाया जा सके।