दिव्यांग मदन दास को मिली इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा कदम

जिला प्रशासन की पहल से आसान हुआ आवागमन, जीवन में लौटी नई उम्मीद

कोरबा।जिला प्रशासन की पहल और समाज कल्याण विभाग के सहयोग से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और सराहनीय कदम उठाया गया है। कोरबा जिले के रुमगरा निवासी 55 वर्षीय दिव्यांग मदन दास को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई, जिससे उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा जरूरतमंदों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मदन दास को यह सुविधा दी गई।

मदन दास, जो लंबे समय से चलने-फिरने में असमर्थ थे, अब इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल की मदद से आसानी से आवागमन कर पा रहे हैं। वे अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए बगीचे में काम करते हैं, लेकिन शारीरिक परेशानी के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामों में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

ट्राइसाइकिल मिलने के बाद अब वे बिना किसी पर निर्भर हुए अपने कार्य स्वयं कर पा रहे हैं। इससे न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि जीवन में नई उम्मीद भी जगी है।

मदन दास ने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री, कलेक्टर और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ट्राइसाइकिल उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। अब वे स्वतंत्र रूप से अपने काम कर सकेंगे और जीवन को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा पाएंगे।