बांकीमोंगरा समेत कई इलाकों में 3 माह से राशन नहीं, खाद्य अधिकारी के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन
कोरबा।जिले के कई क्षेत्रों में राशन वितरण बाधित होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इस मुद्दे को लेकर युवा कांग्रेस ने खाद्य अधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की।
प्रदर्शन नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास के नेतृत्व में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकास सिंह और राकेश पंकज की मौजूदगी में हुआ। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बांकीमोंगरा, पोड़ी-उपरोड़ा और कोरबा शहर के कई इलाकों में पिछले 2-3 महीनों से राशन वितरण नहीं हो पा रहा है।
युवा कांग्रेस ने जनवरी, फरवरी और मार्च माह का लंबित राशन 10 दिनों के भीतर वितरित करने का अल्टीमेटम दिया। खाद्य अधिकारी द्वारा व्यवस्था दुरुस्त करने के लिखित आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया।
नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने बताया कि बांकीमोंगरा, कटघोरा, पताड़ी और करतला सहित कई क्षेत्रों में करीब 40 प्रतिशत हितग्राहियों को अब तक राशन नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दुकानदारों द्वारा वितरण बंद करने की बात कही जा रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने सरकार के बड़े स्तर पर राशन वितरण के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमीनी हकीकत इससे अलग है।
साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान पार्षद संदीप डहरिया, हेमंत साहनी, जनपद सदस्य अनिल खूटे, उपसरपंच विनोद उर्रे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
