देहरादून में जिले के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, कर्लिंग प्रशिक्षण में पाए प्रमाणपत्र

राष्ट्रीय शिविर में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने हासिल किया लेवल-1, अधिकारियों ने सराहा प्रदर्शन

कोरबा।देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय कर्लिंग प्रशिक्षण शिविर में कोरबा जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

कर्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में हिमाद्री आइस रिंक में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में 26 से 28 मार्च तक लेवल-1 कोचिंग तथा 31 मार्च से 4 अप्रैल तक ओपन कर्लिंग प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें छत्तीसगढ़ सहित देशभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया।

शिविर का संचालन डॉ. रश्मि सलूजा, शौकत रसूल और पीएन राजू के मार्गदर्शन में हुआ। पीएन राजू विशेष रूप से कनाडा से आकर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं, जहां उन्होंने खेल की तकनीक और बारीकियों से अवगत कराया।

छत्तीसगढ़ कर्लिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलेश देवांगन ने बताया कि कर्लिंग एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल है, जिसे ओलंपिक, पैरालंपिक और एशियाई खेलों में भी शामिल किया जाता है। इस बार पहली बार कृत्रिम आइस रिंक पर प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से 90 खिलाड़ी और 30 से अधिक कोच शामिल हुए।

कोरबा जिले से नोवेल कुमार साहू, हर्ष वैष्णव और कुमारी रागिनी ने प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लेवल-1 प्रमाणपत्र प्राप्त किया। उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर फेडरेशन के अधिकारियों ने उन्हें सम्मानित कर आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं।