40 ई-बसों को मिली स्वीकृति, जमनीपाली में बन रहा चार्जिंग स्टेशन और टर्मिनल
कोरबा।शहर में एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन को नई रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोरबा में अगस्त 2026 से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके लिए जरूरी अधोसंरचना तैयार करने का काम तेजी से जारी है।
गौरतलब है कि वर्ष 2018 में अर्बन ट्रांसपोर्ट पब्लिक सोसायटी द्वारा 8 अलग-अलग मार्गों पर 48 सिटी बसों का संचालन किया गया था, जिससे लाखों यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक परिवहन सेवा मिली थी। हालांकि कोविड-19 के दौरान लगे प्रतिबंधों के कारण यह सेवा बंद हो गई और बसें अब कबाड़ में तब्दील हो चुकी हैं।
अब नई योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा कोरबा को 40 इलेक्ट्रिक बसों की स्वीकृति दी गई है। इसके बाद से परियोजना पर काम शुरू किया गया। जमनीपाली स्थित प्रतीक्षा बस स्टैंड परिसर में इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन और प्रशासनिक भवन तैयार किया जा रहा है।
इस संबंध में नोडल अधिकारी राकेश मसीह ने बताया कि चार्जिंग स्टेशन के लिए अलग से 33 केवी बिजली लाइन बिछाई जा रही है, जिससे बसों को सुचारू रूप से चार्ज किया जा सके। सभी सेवाओं का संचालन इसी केंद्र से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्धारित शेड्यूल के अनुसार काम प्रगति पर है और यदि सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो अगस्त 2026 से शहरवासियों को इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। इससे न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी मजबूत होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















