कोयला उत्पादन, डिस्पैच और पर्यावरण संरक्षण में भी शानदार उपलब्धि, सीएसआर गतिविधियों पर विशेष फोकस
कोरबा।साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में कोयला उत्पादन, आफटेक और ओवरबर्डन (ओबीआर) निष्कासन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज करते हुए नए रिकॉर्ड स्थापित किए हैं।
प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025-26 में एसईसीएल का कुल कोयला उत्पादन 176.2 मिलियन टन रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.26 प्रतिशत (8.8 मिलियन टन) अधिक है। वहीं कोयला आफटेक 178.6 मिलियन टन दर्ज किया गया, जिसमें 4.6 प्रतिशत (7.9 मिलियन टन) की वृद्धि हुई है।
कोयला परिवहन के क्षेत्र में भी कंपनी ने बेहतर प्रदर्शन किया है। रेल माध्यम से कोयला भेजने में 16 प्रतिशत और फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी (एफएमसी) के माध्यम से 28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
सबसे बड़ी उपलब्धि ओवरबर्डन निष्कासन में रही, जहां एसईसीएल ने 364.3 मिलियन क्यूबिक मीटर (एमक्यूएम) ओबीआर हटाकर अब तक का सर्वाधिक रिकॉर्ड बनाया है।
परियोजनाओं के विस्तार के लिए कंपनी ने 358 हेक्टेयर भूमि अर्जित की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 867 प्रतिशत अधिक है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एसईसीएल ने 13.96 लाख पौधारोपण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया, जिसमें मियावाकी पद्धति से सघन वृक्षारोपण को बढ़ावा दिया गया।
ऊर्जा के क्षेत्र में कंपनी ने 43.78 मेगावाट सौर ऊर्जा क्षमता स्थापित कर लगभग 41,200 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी लाई है। साथ ही 408 लाख किलोलीटर खदान जल का उपयोग कर 3800 हेक्टेयर से अधिक भूमि में सिंचाई सुनिश्चित की गई।
प्रबंधन ने बताया कि उत्पादन और उत्पादकता के साथ-साथ कर्मचारी कल्याण और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत भी कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं, जिससे व्यापक समुदाय को लाभ मिल रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















