मानिकपुर फाटक पर बाइक सवार की मौत, बारूद से भरी गाड़ी ने मारी टक्कर, हादसे के बाद मचा कोहराम

कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के इमलीडुग्गु फाटक पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारूद से भरी एक गाड़ी की चपेट में आने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान 58 वर्षीय हनुमानदीन प्रजापति के रूप में हुई है, जो ददार निवासी थे। वे नवरात्र पूजा का प्रसाद लेकर सीतामढ़ी अपने भाई के यहां जा रहे थे। फाटक खुला था और उन्हें लगा कि वे पार कर लेंगे। लेकिन फाटक पहुंचते ही बंद हो गया। बगल से जा रही बारूद से भरी गाड़ी भी फाटक पार करने के प्रयास में थी। इसी दौरान बाइक सवार गाड़ी की चपेट में आकर फाटक के नीचे गड्ढे में गिर गया। वाहन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मानिकपुर चौकी पुलिस ने बताया कि बारूद से भरी एक वाहन से घटना हुई थी। इसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। वाहन में काफी मात्रा में बारूद भरा था, जिसे आबादी से दूर स्टोर करना चाहिए। कानूनी कार्रवाई के बाद वाहन चालक को सुपुर्द कर दिया गया है। यह वाहन नागपुर से रायगढ़ जा रहा था और एक निजी कंपनी का था।

शहर के सीएसईबी, टीपी नगर, शारदा विहार, सोनालिया और पवन टॉकीज जैसे मुख्य फाटक अक्सर बंद रहते हैं।

फाटक खुलने पर लोगों में उसे पार करने की होड़ रहती है, जिससे कई हादसे होते हैं। बंद फाटकों के कारण शहर में अक्सर जाम की स्थिति भी बनती है। इसे लेकर ओवरब्रिज की मांग की गई है, पर कुछ जगह ही स्वीकृति मिली है। जहां स्वीकृति मिली है, वहां काम धीमी गति से चल रहा है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।