अग्निवीर भर्ती के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग, 1 अप्रैल तक करें आवेदन

कोरबा। भारतीय थलसेना में अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 तक निर्धारित वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए 1 जून से 15 जून 2026 के बीच ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

इस भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की तैयारी को मजबूत बनाने के लिए छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग द्वारा निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जो अभ्यर्थी इस कोचिंग का लाभ लेना चाहते हैं, उन्हें पहले अग्निवीर भर्ती के लिए पंजीयन करना होगा।

इसके बाद अभ्यर्थी रोजगार विभाग की वेबसाइट पर जाकर “अग्निवीर भर्ती 2026 की लिखित परीक्षा की तैयारी हेतु निःशुल्क प्रशिक्षण” लिंक पर क्लिक कर अपनी जानकारी के साथ आवेदन कर सकते हैं।

ध्यान रहे कि कोचिंग के लिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों का रोजगार कार्यालय में पंजीयन होना अनिवार्य है।

प्रशासन ने अधिक से अधिक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि वे बेहतर तैयारी कर सेना में चयनित हो सकें।