कोरबा जिला जेल का औचक निरीक्षण: प्रधान न्यायाधीश ने बंदियों की समस्याएं सुनीं, सुविधाओं का लिया जायजा

कोरबा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संतोष शर्मा एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आज जिला जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों से मुलाकात कर उनके मामलों की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान भोजन, स्वास्थ्य परीक्षण, आवासीय व्यवस्था, पेयजल, स्नानागार, शौचालयों की स्वच्छता, पाकशाला की सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। साथ ही पेयजल आपूर्ति हेतु पाइपलाइन व्यवस्था तथा बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों के लिए बाहरी परिसर में शेड की व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया।

जेल लीगल एड क्लिनिक और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा का निरीक्षण करते हुए प्रधान न्यायाधीश ने बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी दी, ताकि कोई भी बंदी न्याय से वंचित न रहे।

इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कु. मयूरा गुप्ता, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कु. डिम्पल, अतिरिक्त कलेक्टर देवेंद्र पटेल,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश सिंह ठाकुर,संयुक्त कलेक्टर श्रीमती माधुरी सोम ठाकुर,लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, डी.डी.ए.डी.पी.एन. कंवर, तहसीलदार बजरंग साहू और सिविल लाइन थाना प्रभारी  नवीन पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।