कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर रविवार की देर शाम एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार दंपति को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों छोटी बच्चियां बाल-बाल बच गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, मानिकपुर बस्ती निवासी शबीना तरन्नुम (39 वर्ष) और उनके पति शेख सद्दाम (40 वर्ष) अपनी 12 वर्षीय बड़ी बेटी और 10 वर्षीय छोटी बेटी के साथ बाइक पर सवार होकर ईद मनाने बिलासपुर क्षेत्र के गांव गए थे। ईद के बाद रविवार को वे मानिकपुर लौट रहे थे।
इसी दौरान पाली मुख्य मार्ग पर बाइक में रखा कुछ सामान सड़क पर गिर गया। शबीना तरन्नुम उसे उठाने के लिए बाइक से उतरीं। ठीक उसी समय पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे भारी वाहन ने उन्हें रौंद दिया। वाहन की चपेट में पति शेख सद्दाम भी आ गए।
घटना में शबीना तरन्नुम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि शेख सद्दाम गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों बच्चियां इस हादसे में बाल-बाल बच गईं। राहगीरों की भीड़ जुटने के बाद सूचना पाली थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया और घायल पति को अस्पताल में भर्ती कराया। वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया है।
बताया जा रहा है कि सोमवार को दोनों बच्चियों का स्कूल में पेपर था, इसी कारण परिवार रविवार को वापस लौट रहा था। पाली थाना प्रभारी नागेंद्र तिवारी ने बताया कि महिला की मौत हो गई है और पुरुष घायल है। मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है।
शबीना तरन्नुम का मायका एसईसीएल कॉलोनी डाकघर के पास है। सूचना मिलते ही परिजन और शुभचिंतक उनके घर पहुंचे। घायल शेख सद्दाम किसी निजी कंपनी में काम करते थे। इस हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















