कोरबा। कोरबा-पश्चिम कुसमुंडा क्षेत्र के इमलीछापर चौक पर लंबे समय से अधूरे पड़े ओवरब्रिज और फोरलेन सड़क निर्माण के विरोध में स्थानीय लोगों ने अनिश्चितकालीन चक्काजाम शुरू कर दिया है। सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस आंदोलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय व्यापारी और आमजन शामिल हैं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शुरू हुए चक्काजाम के कारण कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। दुपहिया वाहनों को विकास नगर कॉलोनी के वैकल्पिक रास्ते से निकाला जा रहा है, जबकि चार पहिया और भारी वाहन पूरी तरह जाम में फंस गए हैं।
इमलीछापर चौक पिछले कई वर्षों से जाम के लिए कुख्यात है। एसईसीएल के सीएसआर फंड से सर्वमंगला चौक से कुचैना मोड़ तक फोरलेन सड़क बनाई जा रही है, लेकिन इमलीछापर चौक के पास काम लंबे समय से रुका हुआ है।
रेलवे फाटक से राहत के लिए शुरू किया गया ओवरब्रिज निर्माण भी अधूरा पड़ा है। निर्माण कार्य ठप होने से सड़क जर्जर हो चुकी है और दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
विकास नगर वार्ड की पार्षद गीता गभेल के नेतृत्व में शुरू इस आंदोलन में कुसमुंडा व्यापारी संघ के अध्यक्ष अशोक राठौर ने कहा, “प्रशासन हर बार आश्वासन देकर भूल जाता है। इस बार काम शुरू होने तक आंदोलन जारी रहेगा।”
उल्लेखनीय है कि ओवरब्रिज का निर्माण राइट्स द्वारा कराया जा रहा है। विकास नगर की ओर से आंशिक निर्माण हो चुका है, लेकिन रेलवे फाटक से थाना चौक की ओर कार्य अभी भी अधूरा है। अतिक्रमण को बाधा बताते हुए करीब दो वर्ष पहले कार्य रोक दिया गया था। नौ माह पहले अतिक्रमण हटाए जाने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया गया है।
फिलहाल इमलीछापर चौक पर चक्काजाम जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















