गो तस्करी की आशंका पर दो गुटों में भिड़ंत,पुलिस ने शांत कराया मामला,दोनों पक्षों पर दर्ज हुआ केस

कोरबा। कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस लाइन मुख्य मार्ग पर गो तस्करी की आशंका को लेकर दो गुटों में जोरदार झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर सिविल लाइन थाना पुलिस और कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी को बुलाना पड़ा।

घटना रविवार की देर रात की बताई जा रही है। सीजी 12 बीवी 4529 नंबर के वाहन में मवेशी ले जाने की सूचना गो सेवकों को मिली थी। रिसदी चौक के पास वाहन को रोककर देखा गया तो उसमें लगभग आधा दर्जन से अधिक भैंस और पौड़ भरे हुए थे। गो सेवकों ने वाहन चालक से पूछताछ शुरू की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विवाद बढ़ गया।

बताया जा रहा है कि भैंस और पौड़ गोकुलनगर स्थित खटाल से बाहर ले जा रहे थे। गो सेवकों को शक था कि इनकी तस्करी की जा रही है। विवाद बढ़ने पर खटाल संचालक भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और मारपीट की स्थिति बन गई। लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने खुद स्थिति का जायजा लिया और दोनों पक्षों को शांत कराया। गो सेवकों का आरोप है कि खटाल संचालक गो तस्करी में शामिल हैं, जबकि संचालक इससे इनकार कर रहे हैं।

वाहन चालक ने पुलिस के समक्ष मवेशी मालिक के साथ लिखा-पढ़ी के दस्तावेज प्रस्तुत किए, जिसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने मवेशी से भरे वाहन चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। साथ ही गो सेवकों द्वारा की गई मारपीट पर चालक की शिकायत पर उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।