कोरबा। चैत्र नवरात्रि के पहले दिन कोरबा शहर और जिले भर में भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल छाया हुआ है। हजारों श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाओं के लिए ज्योति कलश प्रज्वलित किए, जिससे सर्वमंगला सहित शहर के प्रमुख मंदिर जगमगाते दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठे।
सर्वमंगला मंदिर में शुभ मुहूर्त में राजपुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ज्योति कलश और जवारा कलश की स्थापना की। मंदिर प्रबंधक नमन पाण्डेय ने बताया कि नवरात्रि के नौ दिनों तक ज्योति कलश प्रज्वलित रहेंगे और श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बनी रहेगी।
कोसाबाड़ी स्थित शाकंभरी दरबार सिद्ध हनुमान मंदिर में भी सुबह से शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। नहर किनारे वैष्णव देवी दरबार में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मड़वारानी मंदिर में क्वार नवरात्रि की परंपरा पंचमी से शुरू होती है, लेकिन चैत्र नवरात्रि पहले दिन से ही भक्तिमय हो गई।
चैतुरगढ़ अष्टभुजी मंदिर में भी परंपरागत विधि-विधान से दीप प्रज्वलन किया गया, जहां व्रती श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
प्रज्वलित ज्योति कलशों की रोशनी ने मंदिरों को दिव्य आभा प्रदान की है। नवरात्रि पूर्ण होने तक इन मंदिरों में भक्तों का सैलाब लगा रहेगा। शहर में जहां एक ओर धार्मिक उत्साह है, वहीं लोग मां दुर्गा के आशीर्वाद और मनोकामना पूर्ति की कामना कर रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















