साइड न देने के विवाद में बस चालक पर डंपर ऑपरेटरों का हमला:जान से मारने की धमकी,पुलिस में मामला दर्ज

कोरबा। एसईसीएल गेवरा खदान में एक बस चालक के साथ डंपर ऑपरेटरों द्वारा की गई मारपीट ने क्षेत्र में तनाव पैदा कर दिया है। घटना दीपका थाना क्षेत्र के क्वारी सेक्शन कैंटीन के पास हुई, जहां बस चालक बहोरन सिंह (53 वर्ष) को डंपर ऑपरेटरों ने लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित बहोरन सिंह ने बताया कि विवाद बस को साइड न देने को लेकर शुरू हुआ। जब वह अपनी साइट पहुंचे, तो करीब 21 डंपर ऑपरेटर वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने कहा कि यदि वह दोबारा सामने आए तो गाड़ी चढ़ा देंगे और इसे हादसा बताकर छिपा दिया जाएगा। मारपीट में बहोरन सिंह के सीने में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद खदान प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

प्रबंधन ने बहोरन सिंह पर शराब पीने का आरोप लगाया और अल्कोहल मीटर से जांच की, जिसमें उनकी शराब की मात्रा शून्य पाई गई। बहोरन सिंह ने कहा कि वह शराब का सेवन नहीं करते और उन पर बेवजह मारपीट का आरोप लगाया गया।

पीड़ित ने दीपका पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दीपका थाना के सहायक उप निरीक्षक जितेश सिंह ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमोरेंडम के आधार पर आरोपी डंपर ऑपरेटरों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उधर,एसईसीएल कर्मचारियों और बस चालकों ने मारपीट करने वाले दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।