रसोई गैस संकट पर आप ने निकाली शव यात्रा, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

कोरबा। सरकारी दावों के विपरीत रसोई गैस आसानी से उपलब्ध न होने से आम जनता परेशान है। इसी समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने कोरबा जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भैंसमा में रसोई गैस सिलेंडर की शव यात्रा निकाली। विरोध दर्ज कराने का यह एक अलग तरीका था।

तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने भैंसमा तहसीलदार को मौजूदा विषय को लेकर ज्ञापन दिया। पार्टी की ओर से कहा गया कि अगर रसोई गैस की उपलब्धता कोरबा जिले में आसान है तो पहले की तरह उपभोक्ताओं को बिना परेशान हुए रसोई गैस की आपूर्ति कराई जानी चाहिए।

प्रदेशभर में विधानसभा स्तर पर शव यात्रा
पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधानसभा स्तर पर पूरे प्रदेश में शव यात्रा निकाली। इसी कड़ी में भैंसमा में यह कार्यक्रम किया गया। प्रदर्शनकारियों ने गैस संकट के प्रति सरकार की उदासीनता पर तीखा प्रहार किया।

सरकार के दावों को खारिज
आप पार्टी के नेताओं ने सरकार के “गैस की कोई कमी नहीं” वाले दावों को एक सिरे से खारिज करते हुए इसे जनता को गुमराह करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि देशभर में गैस संकट के हालात सरकार की विफल नीतियों का परिणाम हैं। जब सरकार खुद दावा कर रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर आम जनता को सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है?

पीएम की गारंटी फेल, महंगाई ने तोड़ी कमर
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ₹500 में गैस सिलेंडर देने की “गारंटी” पूरी तरह फेल हो चुकी है। आज आम आदमी को घरेलू गैस सिलेंडर तक समय पर नहीं मिल पा रहा है। ऊपर से घरेलू सिलेंडर पर ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर पर ₹115 की बढ़ोतरी ने लोगों की कमर तोड़ दी है।

जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग के आरोप
पार्टी का कहना है कि बहुत सारे मामलों में जमाखोरी हो रही है और लोगों को अपनी जरूरत पूरी करने के लिए ब्लैक मार्केट का सहारा लेना पड़ रहा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि एजेंसियों के कर्मी भी पिछले दरवाजे से अधिक रुपयों में सिलेंडर उपलब्ध करा रहे हैं।

प्रदर्शन में कोरबा लोकसभा सचिव शत्रुघन साहू, लोकसभा उपाध्यक्ष भूषण कुर्रे, जिलाध्यक्ष रिचर्ड डेविड लोगन, यूथ विंग अध्यक्ष आजाद बख्श, जिला संगठन मंत्री लहना सिंह, जिला सचिव सपन बहादुर सिंह, जिला उपाध्यक्ष छवि लाल, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष ग्वेल, सीता राम राठिया, सोमराज ठाकुर, कुलेश्वर यादव, प्यारी लाल राठिया सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।