विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस पर पंचवटी में उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

कोरबा। विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस (15 मार्च) के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग के निर्देशानुसार कोरबा जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के तत्वाधान में पंचवटी विश्राम गृह में उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर,जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश नाग सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत के बाद जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रंजना दत्ता ने उद्बोधन दिया। महापौर संजू देवी राजपूत, सीईओ दिनेश नाग और सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने उपभोक्ता कानूनों, उनके अधिकारों (जैसे सुरक्षित उत्पाद प्राप्त करने का अधिकार, जानकारी का अधिकार, शिकायत निवारण का अधिकार आदि) और हितों की विस्तृत जानकारी साझा की।

एस.बी.आई. के टेक्निकल हेड ने बैंकिंग क्षेत्र में होने वाली धोखाधड़ी से सतर्क रहने के उपाय बताए, जबकि साइबर थाना के आरक्षक ने साइबर क्राइम से बचाव और रिपोर्टिंग की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली समाजसेवी संस्थाओं और विशेष उपलब्धि प्राप्त महिलाओं वरिष्ठ अधिवक्ता अरूणा जैन,कल्पना पांडेय,अरूणा श्रीवास्तव, रूचिका कल्ला, सावित्री धांधी, शिल्पा दाण्डेकर, दीपा राठौर को सम्मानित किया गया।

मंच संचालन उपभोक्ता आयोग सदस्य सुश्री ममता दास ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सदस्य पंकज कुमार देवड़ा ने व्यक्त किया।

यह कार्यक्रम उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने, सुरक्षित उत्पादों (2026 की वैश्विक थीम “Safe Products, Confident Consumers”) पर जोर देने और डिजिटल/बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के लिए महत्वपूर्ण रहा।