भीषण गर्मी और ताप की लहर की आशंका को ध्यान में रखते हुए बचाव हेतु उपाय के संबंध में दिशा-निर्देश जारी

कोरबा। जिले में भीषण गर्मी और ताप लहर की आशंका को देखते हुए जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नगर सेना ने बचाव संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि वे गर्मी के पहले और गर्मी के दौरान सुरक्षा उपायों का पालन करें, ताकि हीटस्ट्रोक और अन्य गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके।

दोपहर की धूप से बचें
अग्निशमन अधिकारी ने कहा है कि जहां तक संभव हो, दोपहर 12 से 3 बजे के बीच तेज धूप में जाने से बचें। इस दौरान सूर्य की किरणें सबसे तीव्र होती हैं और हीटस्ट्रोक का खतरा सबसे अधिक रहता है। यदि बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें।

पानी पीते रहें
चाहे प्यास न लगी हो, फिर भी नियमित अंतराल पर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। यात्रा के दौरान हमेशा पानी की बोतल साथ रखें। शरीर में पानी की कमी न होने दें, क्योंकि डिहाइड्रेशन से हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।

ऐसे रखें शरीर को सुरक्षित

हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें, जिससे शरीर को हवा लगती रहे।

सिर को कपड़े, टोपी या गमछे से ढककर रखें।

धूप में चश्मा और छाते का इस्तेमाल करें।

पैरों को सुरक्षित रखने के लिए जूते या चप्पल पहनें।

खानपान का रखें ध्यान
गर्मी के मौसम में खानपान को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है:

हल्का भोजन करें, भारी भोजन से बचें।
पानी से भरपूर फल जैसे खरबूजा, ककड़ी और खट्टे फल अधिक लें।
नींबू पानी, छाछ और जूस जैसे पारंपरिक पेय पदार्थों का सेवन करें।
मांस और अधिक प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों से बचें।
बाहर का खाना और बासी खाना खाने से परहेज करें।

घर को ठंडा रखने के उपाय
प्रशासन ने घरों को ठंडा रखने के लिए पर्दे, सनशेड और वेंटिलेशन का उपयोग करने को कहा है। खिड़कियों पर पर्दा या छाया का इस्तेमाल करें। स्थायी विंडो रिफ्लेक्टर या एल्यूमिनियम कॉयल से ढके कार्डबोर्ड का प्रयोग कर सकते हैं।

बच्चों और पशुओं का रखें ध्यान

बच्चों और पालतू जानवरों को बंद वाहनों में न छोड़ें।
पशुओं के लिए छाया और पर्याप्त पानी की व्यवस्था करें।

मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखें
स्थानीय मौसम पूर्वानुमानों को सुनते रहें और आगामी तापमान परिवर्तनों से अवगत रहें। बुजुर्गों, बीमार और कमजोर लोगों का विशेष ध्यान रखें।

हीटस्ट्रोक के लक्षण और प्राथमिक उपचार
यदि किसी व्यक्ति को बीमारी महसूस हो, चक्कर आए या वह अचेत हो जाए, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और चिकित्सा सहायता लें। हीटस्ट्रोक की स्थिति में तुरंत ये उपाय करें:

प्रभावित व्यक्ति को तुरंत ठंडी या छायादार जगह पर लिटाएं।

पैरों को थोड़ा ऊपर उठाकर लिटाएं।

शरीर को ठंडे पानी से पोछें या गीले कपड़े से ठंडा करें।

ओआरएस या नमक-चीनी का घोल पिलाएं।

यदि व्यक्ति बेहोश हो तो उसे कुछ भी खाने-पीने को न दें।

जल्द से जल्द नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं।

जिला अग्निशमन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन दिशा-निर्देशों का पालन करें और आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार की जानकारी रखें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।