कोरबा।कोरबा अंचल के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत रविशंकर शुक्ल नगर में एक सूने मकान में चोरों ने बड़ा हाथ साफ कर दिया। अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी का सामान करीब 3 लाख रुपये का है।
जानकारी के अनुसार, रविशंकर शुक्ल नगर एमआईजी 2/113 निवासी ज्योति चंद्रा पंडित अपनी बहन के घर गई हुई थीं, जिस कारण मकान बंद पड़ा था। इसी दौरान चोरों ने मौका देखकर ताला तोड़ा और घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात, करीब 5 हजार रुपये नगद सहित अन्य सामान चुरा लिया।
सुबह घर में सफाई के लिए आईं काम करने वाली महिला ने ताला टूटा और सामान बिखरा देखा तो तुरंत मालकिन ज्योति चंद्रा को सूचना दी। इसके बाद रिश्तेदारों ने मौके पर पहुंचकर मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से जांच शुरू की।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पुष्टि की कि चोरों ने मुख्य रूप से जेवरात और नगदी पर नजर डाली थी। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपने घरों में सुरक्षा बढ़ाने की बात कर रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















