विश्व किडनी दिवस पर एनकेएच में जागरूकता कार्यक्रम, डायलिसिस मरीजों को दी गई जरूरी सलाह

कोरबा। विश्व किडनी दिवस के अवसर पर न्यू कोरबा हॉस्पिटल (NKH) में डायलिसिस मरीजों के लिए जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मरीजों और उनके परिजनों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य किडनी रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना, मरीजों को सही मार्गदर्शन देना और लंबे समय से उपचार करा रहे मरीजों का उत्साहवर्धन करना था।

कार्यक्रम में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बताया कि मधुमेह (शुगर) और ब्लड प्रेशर (बीपी) को नियंत्रित नहीं रखने से किडनी खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर उपचार और संतुलित जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर एमडी मेडिसिन डॉ अविनाश तिवारी, डॉ सी भास्कर, मनोचिकित्सक डॉ रजनी वर्मा, क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ सुदीप्ती साहा तथा डाइटिशियन रिया दुबे उपस्थित रहीं। विशेषज्ञों ने मरीजों को नियमित डायलिसिस, संतुलित आहार, समय पर दवाइयों का सेवन और संक्रमण से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान प्रश्न-उत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें मरीजों और उनके परिजनों ने अपनी समस्याएं डॉक्टरों के सामने रखीं। विशेषज्ञों ने सभी सवालों के जवाब देते हुए इलाज में लापरवाही न करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।

मनोचिकित्सक डॉ. रजनी वर्मा ने कहा कि लंबे समय तक डायलिसिस उपचार से मरीजों में तनाव और चिंता की समस्या हो सकती है। ऐसे में सकारात्मक सोच, परिवार का सहयोग और नियमित परामर्श बहुत जरूरी होता है।

कार्यक्रम में अस्पताल के डायरेक्टर डॉ एस चंदानी ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने लोगों से किडनी रोग से बचाव के लिए नियमित जांच कराने और शुगर व बीपी को नियंत्रण में रखने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में मरीजों और उनके परिजनों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा डॉक्टरों की सलाह का पालन करने का संदेश दिया गया।