ड्रोन की नजर में आया अवैध कबाड़ कारोबार, पुलिस की छापेमारी से मचा हड़कंप

बिलासपुर। शहर में अवैध कबाड़ कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने अब हाईटेक तकनीक का सहारा लिया है। कबाड़ दुकान संचालकों द्वारा पुलिस को चकमा देने के लिए अपनाई जा रही नई तरकीब के बाद पुलिस ने ड्रोन कैमरे से निगरानी शुरू की और कई जगहों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप जब्त किया। इस कार्रवाई के बाद कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार शहर के कई कबाड़ दुकानदार अपने गोदामों के बाहर ताला लगाकर अंदर से अवैध कारोबार चला रहे थे। बाहर से गोदाम बंद दिखाई देता था, जबकि अंदर ट्रक और पिकअप वाहनों में कबाड़ लोड किया जा रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने इस पर सख्ती दिखाते हुए विशेष अभियान चलाया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह के निर्देश पर की गई। उन्होंने शहर में चल रहे अवैध कबाड़ कारोबार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह को शहर के कबाड़ गोदामों की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई।

पुलिस टीम ने सबसे पहले शहर के अलग-अलग इलाकों में ड्रोन कैमरा उड़ाकर गतिविधियों की निगरानी की। ड्रोन से मिली जानकारी के आधार पर कई जगहों पर संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। इसके बाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चकरभाठा, सिरगिट्टी, सकरी और सरकंडा थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान कई गोदामों के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर ट्रक और पिकअप वाहनों में कबाड़ लोड किया जा रहा था। पुलिस ने गोदामों के अंदर जाकर जांच की और बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप बरामद किया।

कार्रवाई के दौरान सिरगिट्टी क्षेत्र के इमरान कबाड़ी और सरकंडा क्षेत्र के विक्की रजक के गोदाम से लोहे का कबाड़ बरामद किया गया। पुलिस ने संदेह के आधार पर स्क्रैप को जब्त कर लिया है और उसके दस्तावेजों की जांच की जा रही है।