पीवीटीजी बसाहटों तक बेहतर सड़क संपर्क की दिशा में कदम, कलेक्टर ने देवपहरी–सोनारी मार्ग का किया निरीक्षण

कोरबा। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत पीवीटीजी (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह) समुदाय की बसाहटों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए जिले में पक्की सड़कों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इसी कड़ी में कोरबा विकासखंड के देवपहरी से सोनारी और जामभाठा तक बनाई गई नई सड़क का कार्य पूर्ण हो गया है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा पीएम जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। साथ ही वे पीवीटीजी समुदाय के लिए किए जा रहे विकास कार्यों का फील्ड में जाकर निरीक्षण भी कर रहे हैं। सड़क निर्माण पूरा होने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने देवपहरी मुख्य मार्ग से जामभाठा और सोनारी तक पूरी सड़क का छोर से छोर तक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की संरचना, ग्रामीण परिवेश, भौगोलिक परिस्थितियों, मोड़ों की स्थिति, उतार-चढ़ाव और गुणवत्ता का बारीकी से अध्ययन किया।

करीब 3 किलोमीटर 600 मीटर लंबी इस नवनिर्मित सड़क पर पैदल चलकर और वाहन से गुजरते हुए उन्होंने निर्माण कार्य की मजबूती और गुणवत्ता का आकलन किया।

कलेक्टर ने मौके पर मौजूद ठेकेदार और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की समयसीमा और सभी तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण से पीवीटीजी बसाहटों तक सुरक्षित और निर्बाध आवागमन संभव होगा, जिससे इन गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि सोनारी और जामभाठा जैसी बसाहटों तक पक्की सड़क बनने से ग्रामीणों को सालभर बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गढ़उपरोड़ा में मुख्य मार्ग से पीवीटीजी बसाहट बाघमारा तक लगभग एक किलोमीटर लंबी निर्मित पीएम जनमन सड़क का भी अवलोकन किया।