कोरबा। माँ सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर दुरपा कोरबा में वर्ष 2024 में हुए ‘नम: सामूहिक विवाह’ के सफल आयोजन के बाद इस वर्ष इसे और भी बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। आगामी 1 अप्रैल 2026 को ग्राम ढपढप (बांकीमोंगरा) में विश्व प्रसिद्ध कथा वाचक पं. धीरेंद्र शास्त्री के सानिध्य में तथा अपना आश्रम सेवा समिति के आयोजकत्व में यह पुण्य आयोजन संपन्न होगा। इस अवसर पर 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जाएगा।
नम: सामूहिक विवाह के प्रभारी तथा माँ सर्वमंगला देवी मंदिर के प्रबंधक एवं व्यवस्थापक ने बताया कि अब तक 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याओं का पंजीयन हो चुका है।
ईश्वरीय कृपा से इस बार यह पुण्यकर्म ग्राम ढपढप (बांकीमोंगरा) में आयोजित किया जा रहा है, जहां नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देने के लिए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री सहित कई प्रतिष्ठित संत-महात्मा, विद्वान आचार्य और प्रदेश के अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
ज्ञात हो कि अपना आश्रम सेवा समिति द्वारा ग्राम ढपढप में 27 मार्च से 1 अप्रैल तक श्री हनुमंत कथा का दिव्य आयोजन किया जा रहा है। इस छह दिवसीय धार्मिक आयोजन के अंतिम दिन 1 अप्रैल को ‘नम: सामूहिक विवाह’ का कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याएं अपने मनपसंद जीवनसाथियों के साथ वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करेंगी।
आयोजकों ने बताया कि यह समाज सेवा का एक महत्वपूर्ण प्रयास है और कन्याओं का पंजीयन अभी भी जारी है, इसलिए विवाह में शामिल होने वाली कन्याओं की संख्या बढ़ने की संभावना भी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















