कोरबा। जिले के कोरबा–चांपा मुख्य मार्ग स्थित ग्राम बरपाली में बीती रात चोरों ने एक किसान के खेत में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर से कीमती सामान चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह है कि ट्रांसफार्मर चालू हालत में था, इसके बावजूद अज्ञात चोरों ने उसे खोलकर अंदर के महत्वपूर्ण पुर्जे निकाल लिए और फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार बरपाली निवासी किसान शिवांश खत्री के खेत में लगा ट्रांसफार्मर देर रात चोरों ने खोल दिया और उसमें से कीमती पुर्जे निकालकर ले गए। सुबह जब किसान खेत पहुंचे तो ट्रांसफार्मर से छेड़छाड़ और चोरी की जानकारी सामने आई।
किसान शिवांश खत्री ने बताया कि ट्रांसफार्मर चालू स्थिति में था, लेकिन इसके बावजूद चोरों ने उसे खोलकर अंदर के कीमती सामान निकाल लिए, जिससे अब खेती-किसानी के कामकाज में परेशानी होने लगी है। उन्होंने प्रशासन से चोरी की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि बरपाली क्षेत्र उरगा थाना अंतर्गत आता है, जहां पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे ग्रामीणों में नाराजगी और भय का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना उरगा पुलिस को दे दी गई है। साथ ही विद्युत विभाग को भी जानकारी दी गई है, ताकि ट्रांसफार्मर की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















