तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आए दंपती, दोनों गंभीर; पुलिस कार्रवाई पर परिजनों ने उठाए सवाल

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धंवईपुर में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इलाज और खरीदारी के लिए निकले एक दंपती तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद बच्चे सुरक्षित बच निकले।

घायल दंपती की पहचान सूरज रोहीदास और बबली रोहीदास के रूप में हुई है। दोनों रोजी-मजदूरी कर अपने तीन मासूम बच्चों का पालन-पोषण करते हैं। हादसे के बाद उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का उपचार ट्रामा वार्ड में जारी है।

परिजनों ने बताया कि उनके साथ काजल भी थी, जिसे मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद परिवार के लोग अस्पताल चौकी पहुंचे और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

अस्पताल पुलिस ने मामले में विधिवत कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस इस मामले में कार्रवाई करने में आनाकानी कर रही है। उनका कहना है कि वे खुद घटनास्थल पर पहुंचे थे और दुर्घटनाकारित ट्रक की तस्वीरें व वीडियो भी बनाए हैं। मौके पर बच्चों के चप्पल और ट्रक के पहिए में खून के निशान भी मिले थे, लेकिन थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी ने ट्रक के दुर्घटनाकारित होने से ही इनकार कर दिया, जिससे परिजनों में पुलिस कार्रवाई को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है।

परिवार की सदस्य सविता रोहीदास ने बताया कि सूरज और बबली मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण करते हैं।

हादसे में दोनों के गंभीर रूप से घायल हो जाने से बच्चों की परवरिश पर संकट खड़ा हो गया है। इलाज में हो रहे खर्च के कारण परिवार आर्थिक परेशानी से भी जूझ रहा है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द कार्रवाई की मांग की है।