बालको में मजदूरों का ‘खाट प्रदर्शन’ 13 मार्च को, अमित जोगी होंगे शामिल

कोरबा। एल्युमिनियम सिटी बालकोनगर में मजदूरों की लंबित मांगों को लेकर 13 मार्च को एक बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। मजदूर संगठन ने वेतन-भत्ते, सुविधाओं और अन्य मुद्दों पर प्रबंधन को पहले ही मांगपत्र सौंपा था, लेकिन उनका आरोप है कि अब तक किसी भी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी के विरोध में मजदूरों ने इस बार अनोखे तरीके से खाट के साथ प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

इस प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी भी शामिल होंगे और आंदोलन का नेतृत्व करेंगे। बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले उनके बालको प्रवास के दौरान भी प्रदर्शन की तैयारी थी, लेकिन कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी के यहां हुई घटना के कारण कार्यक्रम टाल दिया गया था। अब मजदूर संगठनों ने दोबारा आंदोलन का आह्वान किया है।

मजदूर नेताओं का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस प्रदर्शन में बालको के मजदूरों के साथ अन्य संगठनों के लोगों के भी शामिल होने का दावा किया जा रहा है।

उधर भारत एल्यूमिनियम कंपनी (बालको) प्रबंधन ने संभावित प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कंपनी का कहना है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं।


खाट को लेकर चर्चा तेज
बालकोनगर में होने वाले इस प्रदर्शन से ज्यादा चर्चा खाट को लेकर हो रही है। बताया जा रहा है कि करीब 20 साल पहले पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने भी बालको प्लांट के अंदर इसी तरह खाट पर बैठकर प्रदर्शन किया था, जिससे उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी।

अब उनके पुत्र अमित जोगी भी मजदूरों के मुद्दे पर उसी तरह खाट के साथ प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं। इसे लेकर लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर वह खाट कौन-सी है जिसे दो दशकों से संभालकर रखा गया है और उसकी चर्चा आज फिर से क्यों हो रही है।