कोरबा। कलेक्टर जनदर्शन में सोमवार को 100 से अधिक लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें से अधिकांश मामलों का प्रशासन द्वारा मौके पर ही निराकरण किया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने दूरस्थ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में बालको निवासी दिव्यांग प्रदीप कुमार राठौर ने नई ट्राइसाइकिल प्रदान करने के लिए आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने उप संचालक समाज कल्याण को निर्देशित किया कि ट्राइसाइकिल और अन्य सहायक उपकरणों की आवश्यकता वाले सभी दिव्यांगों के आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
वहीं विपेंद्र कुमार राठौर ने अपने पुत्र देवांश राठौर के हृदय में छेद की बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। लक्ष्मी देवी मांझी ने अपने पुत्र दक्ष मांझी के हृदय वाल्व से संबंधित गंभीर बीमारी के उपचार के लिए मदद मांगी, जबकि संतोष मानिकपुरी ने टेट्रा प्लेजिया रोग के बेहतर इलाज के लिए आर्थिक सहयोग का आवेदन दिया।
इन मामलों में कलेक्टर ने सीएमएचओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अलावा 83 वर्षीय बुजुर्ग मनहरण प्रसाद त्रिवेदी ने अपनी जमा राशि निकालने में आ रही परेशानी से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















